मनोज मिड्ढा
सहारनपुर। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र निम ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोमवार को सहारनपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र निम ने डॉ. मुखर्जी के स्मृतिचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। देशहित के लिए उनके द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने ऐसे समय में राष्ट्रीय एकता का बिगुल फूंका, जब देश अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा था। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का खुलकर विरोध किया और देश की एकता एवं अखंडता के लिए संघर्ष किया। राष्ट्रहित के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ही उन्हें देश के महान नेताओं की श्रेणी में स्थापित करती है।
विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि आज भारत जिस मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान बना रहा है, उसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान राष्ट्रनायकों के विचारों और बलिदानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके आदर्श हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता के बाद के दौर में थे। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और जनसेवा के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।








