शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि ने शहरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई में सफाई, स्ट्रीट लाइट, नालियों, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित करीब एक दर्जन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही समाधान करा दिया गया।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान वार्ड-67 स्थित ग्रीन सिटी रहमानी चौक निवासी लियाकत ने क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने की मांग की। नगरायुक्त के निर्देश पर तत्काल विद्युत कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और खराब लाइट को ठीक करा दिया गया। इसी प्रकार वार्ड-06 सागर कॉलोनी बालपुर निवासी यशपाल ने कुछ लोगों द्वारा सड़क पर गोबर डालकर आवागमन में बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पशु चिकित्सा एवं कल्याण विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने समस्या का समाधान करा दिया।
इसके अतिरिक्त वार्ड-13 नानकपुरम कॉलोनी निवासी प्रवीण कुमार तथा वार्ड-07 जाटव नगर निवासी विनय गौतम ने हाईमास्ट लाइट खराब होने की शिकायत दर्ज कराई। नगरायुक्त ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में वार्ड-33 आशीर्वाद कॉलोनी निवासी प्रशांत कुमार ने खाली पड़े प्लाटों में फैली गंदगी और झाड़ियों की सफाई की मांग की। वहीं वार्ड-59 जाफर नवाज निवासी अब्दुल वाजिद ने सड़कों पर कूड़ा डाले जाने की शिकायत दर्ज कराई। वार्ड-46 ब्रज विहार कॉलोनी निवासी बोती देवी ने पड़ोसी द्वारा नाली बंद करने की शिकायत करते हुए उसे खुलवाने की मांग की। नगरायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण संबंधी शिकायतों में वार्ड-37 गिल कॉलोनी निवासी पुनीत गोयल ने गली नंबर-6 में अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाने से होने वाली परेशानी को उठाया। वहीं वार्ड-46 आवास विकास निवासी सुनील कुमार ने मकान संख्या बी-60 के सामने जिम का सामान रखकर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनका शीघ्र समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।








