शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिले में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास भवन सभागार में डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद इमरान मसूद ने की। इस दौरान महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक उमर अली खान, विधायक आशु मलिक, एमएलसी शाहनवाज खान तथा जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, लंबित शिकायतों, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत लाइनों के प्रतिस्थापन, नए कनेक्शनों तथा अविद्युतीकृत क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अभियंता द्वारा पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों और उन पर की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
सांसद इमरान मसूद ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका प्रभावी निस्तारण भी आवश्यक है। जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए।
बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें जर्जर तारों के कारण होने वाली परेशानियां, बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मर, कम क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्र, नए कनेक्शन जारी करने में देरी, विद्युत पोलों की जर्जर स्थिति और लाइन शिफ्टिंग से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
सांसद ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण विद्युत सुविधा उपलब्ध हो। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए।
बैठक में शाकंभरी देवी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान बीच मार्ग में आ रहे बिजली के खंभों का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विद्युत खंभों को शीघ्र सड़क किनारे स्थानांतरित किया जाए।
इमरान मसूद ने लंबे समय से लंबित नर्सरी कनेक्शन संबंधी समस्या के समाधान पर विद्युत विभाग के अधिकारियों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि जहां अच्छा कार्य हुआ है, वहां अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय कार्यों में जनप्रतिनिधियों का सहयोग हमेशा उपलब्ध रहेगा, बशर्ते जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और अगली बैठक में प्रत्येक लंबित प्रकरण की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना ही प्रशासन और विभागों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
बैठक में सांसद इकरा हसन के प्रतिनिधि परवेज आलम, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रविंद्र बाबू, अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार सहित जनपद के सभी अधिशासी अभियंता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








