शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को अंडर-12 क्रिकेट समर कप 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। छह टीमों की भागीदारी वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन नगर विधायक राजीव गुम्बर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने का कार्य करती हैं।
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में एसबीबीए और अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एसबीबीए की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में 260 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम विपक्षी गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
एसबीबीए की जीत में हर्ष बचेती का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ी आकांशु को संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के लिए ‘फाइटर ऑफ द मैच’ सम्मान प्रदान किया गया।
टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला इस्लामिया क्रिकेट अकादमी और ब्राउनवुड क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इस्लामिया क्रिकेट अकादमी की टीम ब्राउनवुड के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी और 13.4 ओवर में 73 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
74 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्राउनवुड क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 8.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के खिलाड़ी आहिल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि रहबर को ‘फाइटर ऑफ द मैच’ के सम्मान से नवाजा गया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना विकसित करना और उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में भी रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में अवनी स्पोर्ट्स का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर स्टेडियम क्रिकेट कोच प्रीति मेहरा, अश्वनी श्रीवास्तव, अजीम, रमीज, रक्षित सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।








