शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों के अधिकारों को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) की सहारनपुर इकाई ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार को ज्ञापन सौंपा है। व्यापार मंडल ने मंडल के सभी शहरों और कस्बों में सुरक्षित एवं व्यवस्थित फुटपाथों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में देश की सर्वोच्च अदालत ने अपने एक महत्वपूर्ण निर्णय में पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन को मौलिक अधिकार माना है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क पर पैदल चलने वाले नागरिकों के अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसी संदर्भ में व्यापार मंडल ने प्रशासन से अपेक्षा की है कि सड़क विकास योजनाओं के साथ-साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि बीते वर्षों में शहरी विकास का अधिकांश फोकस वाहनों की आवाजाही बढ़ाने पर रहा है। शहरों में चौड़ी सड़कें, फ्लाईओवर और एक्सप्रेस-वे तो बने, लेकिन पैदल चलने वाले लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को अपेक्षित महत्व नहीं मिल सका। जबकि आज भी बड़ी संख्या में लोग दैनिक कार्यों के लिए पैदल आवागमन करते हैं। इनमें मजदूर, बुजुर्ग, महिलाएं, विद्यार्थी, दिव्यांगजन और निम्न आय वर्ग के लोग प्रमुख रूप से शामिल हैं।
व्यापार मंडल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक स्थानों पर फुटपाथ या तो मौजूद नहीं हैं या फिर उन पर अतिक्रमण हो चुका है। कई बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में फुटपाथ दुकानों के आगे बने चबूतरों, अस्थायी निर्माण, पार्किंग और सामान रखने के स्थानों में तब्दील हो चुके हैं। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मंडल में फुटपाथों का व्यापक सर्वे कराया जाए और जहां अतिक्रमण है, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर पैदल मार्गों को मुक्त कराया जाए। साथ ही नई सड़क परियोजनाओं में फुटपाथ निर्माण को अनिवार्य बनाया जाए। व्यापार मंडल ने विशेष रूप से स्कूलों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास सुरक्षित पैदल मार्ग विकसित करने पर जोर दिया।
व्यापार मंडल का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल वाहनों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि शहरों और कस्बों में व्यवस्थित फुटपाथ उपलब्ध होंगे तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
मंडलायुक्त से यह भी अनुरोध किया गया कि इस विषय को जिला एवं मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में प्राथमिकता से शामिल किया जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सकारात्मक कदम उठाएगा।
ज्ञापन पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन, जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा सहित मेजर एस.के. सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डावर, राजीव अग्रवाल, मुरली खन्ना, अभिषेक भाटिया, संदीप सिंघल, हरीश खुंगर, भोपाल सिंह सैनी और संजीव सचदेवा के हस्ताक्षर शामिल रहे।








