शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी एसोसिएशन से संबद्ध राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ (जीईएनसी) एवं भारतीय मजदूर संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बैठक में कर्मचारियों और शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों और शिक्षकों की भूमिका राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन उनके भविष्य की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को पुनः लागू किया जाना आवश्यक है।
संघ भवन कार्यालय में राजेश्वर दयाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी एवं शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
सहारनपुर मंडल प्रभारी तरुण भोला ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक वर्तमान समय में शासन-प्रशासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 27 जून को आईएपीईटी परिसर में कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए प्रथम अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संगठन की भावी रणनीति, कर्मचारी हितों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र धवलहार ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होने तक कर्मचारी और शिक्षक अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के भविष्य को लेकर पर्याप्त सुरक्षा प्रदान नहीं करती, जबकि पुरानी पेंशन से सेवानिवृत्ति के बाद जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बनता है।
अध्यक्षता कर रहे राजेश्वर दयाल ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक हमेशा राष्ट्रवाद की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते आए हैं। देश और समाज के विकास में उनकी भूमिका को देखते हुए सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए पुरानी पेंशन बहाली जैसे महत्वपूर्ण निर्णय आवश्यक हैं।
बैठक में सौरभ गौतम ने कहा कि अभ्यास वर्ग के माध्यम से कर्मचारियों और शिक्षकों में राष्ट्रहित, विभाग हित तथा कर्मचारी हित की भावना और अधिक मजबूत होगी। इससे संगठनात्मक एकता को भी मजबूती मिलेगी तथा कर्मचारियों को अपने अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्राप्त होगा।
बैठक में जिला महामंत्री आनंद प्रकाश त्यागी, संयुक्त मंत्री जितेंद्र कुमार, अपर खंड यमुना नहर इकाई के अध्यक्ष रूपेश, सुंदर लाल, मणिक पाल सहित अनेक कर्मचारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को कर्मचारियों और शिक्षकों के भविष्य के लिए आवश्यक बताते हुए सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।








