शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से सहारनपुर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, अपर पुलिस अधीक्षकों, क्षेत्राधिकारियों तथा थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और कार्ययोजना का विस्तृत खाका तैयार किया।

बैठक में डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी कांवड़ मार्गों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। यात्रा मार्ग पर आने वाले संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों दोनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ट्रैफिक संचालन को सुचारु रखा जाए।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच करने, ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त तकनीकी संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। डीआईजी ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित होने से रोका जाए। साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा असामाजिक एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, इतिहासशीटरों और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने तथा खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद बनाए रखें ताकि किसी भी संभावित समस्या की जानकारी समय रहते मिल सके।
डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
सहारनपुर परिक्षेत्र पुलिस का उद्देश्य इस बार कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, तकनीकी निगरानी और खुफिया तंत्र को पहले से अधिक मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।








