शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र की नूरबस्ती कॉलोनी में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर गुरुवार देर रात हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों और उनके साथ मौजूद लोगों ने पहले पथराव किया, फिर लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। इस हमले में एक उप निरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उप निरीक्षक शौकीन खान अपनी टीम के साथ शहर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नूरबस्ती पहुंचे थे। पुलिस टीम जैसे ही मुख्य आरोपी सोहेल के घर के निकट पहुंची, तभी वहां मौजूद सोहेल, नौशाद, आरिफ, कैफ, आमिर, बाबर, चांद बीबी तथा अन्य लोगों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
बताया गया कि जब उप निरीक्षक शौकीन खान ने आरोपियों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो हमलावरों ने लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि उनके सिर पर सरिया से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना के समय पुलिस बल सीमित संख्या में मौजूद था। हमलावरों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस टीम को अपनी जान बचाते हुए पीछे हटना पड़ा। इसके बाद पूरी घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया।
घटना के संबंध में पुलिस ने सोहेल, नौशाद, आरिफ, कैफ, आमिर, बाबर और चांद बीबी समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, बलवा तथा अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। घटना के बाद नूरबस्ती और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस सतर्क है तथा सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं।








