शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हलगोया कट के निकट हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान चार लोगों ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी एक परिवार कार से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो पुरुष और दो महिलाओं सहित कुल चार लोगों की मृत्यु हो गई। वहीं तीन अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर जिला चिकित्सालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और पीछे से वाहन की टक्कर माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया।

जिला प्रशासन ने लोगों से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी कई बार ऐसे दर्दनाक हादसों का कारण बन जाती है।








