शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर के प्रसिद्ध शिव धाम में उस समय आध्यात्मिक और ऐतिहासिक माहौल देखने को मिला, जब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब गैड्लेयीह्लेसिका जूमा ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस विशेष पूजन में महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने उन्हें सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार पूजन कराया तथा भारतीय संस्कृति और वैदिक जीवन दर्शन की विस्तृत जानकारी भी दी।
बाबा लाल दास रोड स्थित शिव धाम में पूर्व राष्ट्रपति जूमा के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा गणमान्य लोग मौजूद रहे। गुप्ता परिवार ने पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पूजन के उपरांत जैकब जूमा ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शिव धाम की आध्यात्मिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं में गहरी रुचि दिखाई और मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि महाराज ने उन्हें सनातन संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता और मानव कल्याण के संदेश से भी अवगत कराया।
सहारनपुर आगमन पर शहर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जावेद साबरी तथा एनआरआई अजय गुप्ता ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के सांस्कृतिक संबंधों तथा आध्यात्मिक मूल्यों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी महेंद्र तनेजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, राजीव गुप्ता, सुभाष सिंघल, राम राजीव सिंघल, मंसूर बदर, सरदार परविंदर सिंह, श्रीकांत गुप्ता, सचिन गुप्ता, अंशुल, पंकज बंसल, विपुल जैन, अनुज जैन, लक्ष्य सिंह, नितिन गर्ग, सीए प्रवीण बंसल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने पूर्व राष्ट्रपति के इस दौरे को सहारनपुर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। उनका कहना था कि विश्व स्तर के नेता का शहर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल पर पहुंचना सहारनपुर की आध्यात्मिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला कदम है। श्रद्धालुओं ने भी इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक बताया।
शिव धाम में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और अंतरराष्ट्रीय सद्भाव का अनूठा संगम बन गया। पूर्व राष्ट्रपति जैकब जूमा की उपस्थिति ने न केवल मंदिर परिसर का महत्व बढ़ाया, बल्कि सहारनपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान की।








