शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा देहरादून रोड स्थित एक होटल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग और समाजसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक मनोचा एवं वरिष्ठ महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व हैं, जिनका राष्ट्रप्रेम, उदारता और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि जब महाराणा प्रताप मुगलों के विरुद्ध संघर्ष कर रहे थे, तब भामाशाह ने अपनी समस्त धन-संपत्ति समर्पित कर राष्ट्र रक्षा में ऐतिहासिक योगदान दिया था। उनका यह बलिदान व्यापारी समाज के लिए आदर्श उदाहरण है।
विवेक मनोचा ने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को भामाशाह के आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक सेवा और व्यापारिक नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज ने हर संकट की घड़ी में देश और समाज के साथ खड़े होकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक स्थलों, धर्मशालाओं तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता में व्यापारी वर्ग की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाने के निर्णय को व्यापारी समाज के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही राजस्थान में भामाशाह पुरस्कार और भामाशाह योजना जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा और समर्पण की भावना को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने एकता, सद्भावना, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि व्यापार केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक व्यापारी को अपने सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
इस अवसर पर अध्यक्ष विवेक मनोचा, वरिष्ठ महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला, महामंत्री पुनीत चौहान, महानगर कोषाध्यक्ष सुधीर मिगलानी, प्रांतीय उपाध्यक्ष यशपाल मैनी, प्रांतीय संगठन मंत्री महेश नारंग, अशोक छाबड़ा, मंडल अध्यक्ष संजय भसीन, आईटी प्रमुख राजीव मदान, युवा व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष अनुभव शर्मा, चेयरमैन दीपक खेड़ा, युवा कोषाध्यक्ष विनीत चौहान, अशोक नारंग, गुलशन अनेजा, मुकेश दत्त, मुकेश धनकर, ललित पोपली, संजय करनवाल, फरजान-उल-हक, पीयूष अग्रवाल, कृष्ण राजीव सिंगला, आलोक अरोड़ा, अनिल भाटिया, अशोक खुराना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।








