Saharanpur News: बड़गांव में अवैध कच्ची शराब पर बड़ी कार्रवाई, 220 लीटर शराब व 390 लीटर लहन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो शराब तस्कर गिरफ्तार। 220 लीटर अवैध कच्ची शराब, 390 लीटर लहन, यूरिया और शराब बनाने के उपकरण बरामद। आरोपियों पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना बड़गांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब तैयार कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। टीम ने मौके से 220 लीटर अवैध कच्ची शराब, 390 लीटर लहन, दो किलोग्राम यूरिया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त भट्टी और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम टपरी में छापेमारी की। इस दौरान थाना प्रभारी नरेंद्र भड़ाना, आबकारी निरीक्षक अक्षय चौधरी, उपनिरीक्षक सोनू कुमार तथा उपनिरीक्षक लाखन सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों कुलदीप उर्फ जितेंद्र पुत्र जसवीर तथा सतेंद्र पुत्र ओमपाल, निवासी ग्राम टपरी, थाना बड़गांव को कच्ची शराब की कसीदगी करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मौके से 220 लीटर तैयार अवैध कच्ची शराब, 390 लीटर लहन, दो किलोग्राम यूरिया, शराब बनाने की भट्टी, तीन जरीकैन, एक कनस्तर तथा अन्य उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मौके पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर प्रवृत्ति के अपराधी हैं और उनके विरुद्ध पहले से ही एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से दोनों क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी से जुड़े होने की सूचनाएं मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

आबकारी निरीक्षक अक्षय चौधरी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगने से क्षेत्र में अपराधों पर भी अंकुश लगेगा। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य