Saharanpur Round Table India: राजकीय महिला महाविद्यालय बेहट को मिले अत्याधुनिक शौचालय, 1200 छात्राओं को होगा लाभ

सहारनपुर राउंड टेबल इंडिया ने केनरा बैंक के सहयोग से राजकीय महिला महाविद्यालय बेहट में दो आधुनिक शौचालय बनाकर कॉलेज प्रशासन को सौंपे। इस परियोजना से 1200 छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। संस्था पहले चिलकाना और नागल में भी स्कूल निर्माण कर चुकी है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही सहारनपुर राउंड टेबल इंडिया ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। संस्था ने केनरा बैंक के सहयोग से राजकीय महिला महाविद्यालय, बेहट में छात्राओं की सुविधा के लिए दो अत्याधुनिक शौचालयों का निर्माण कर उन्हें कॉलेज प्रशासन को समर्पित कर दिया। इस पहल से महाविद्यालय में अध्ययनरत करीब 1200 छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सहारनपुर राउंड टेबल इंडिया के अध्यक्ष मानिक ठकराल, आईपीपी अचरज सिंघल, उपाध्यक्ष आशीष चाचरा, सचिव ऋषि मनचंदा, कोषाध्यक्ष अरिहंत जैन सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था की ओर से आधुनिक शौचालयों का औपचारिक हस्तांतरण महाविद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा मैडम एवं शरद सर को किया गया।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि कॉलेज में पहले से उपलब्ध शौचालय काफी पुराने थे और वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं थे। इसे देखते हुए आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं से युक्त नए शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इनमें स्वच्छता, सुरक्षित उपयोग और छात्राओं की सुविधा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्राओं को दैनिक जीवन में काफी राहत मिलेगी।

अध्यक्ष मानिक ठकराल ने बताया कि सहारनपुर राउंड टेबल इंडिया शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्य कर रही है। संस्था ने सबसे पहले चिलकाना में एक विद्यालय का निर्माण कराया, इसके बाद नागल क्षेत्र में एक अन्य विद्यालय का निर्माण कराया गया। बेहट महाविद्यालय में आधुनिक शौचालयों का निर्माण संस्था का शिक्षा क्षेत्र में तीसरा प्रमुख प्रोजेक्ट है।

उन्होंने बताया कि संस्था केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी वर्ष संस्था ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं को सैनिटरी पैड एवं बेडशीट वितरित कीं, जबकि पिछले वर्ष इसी विद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए गीजर भी स्थापित कराए गए थे।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि राउंड टेबल इंडिया विश्व स्तर पर सामाजिक सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने वाला संगठन है। सहारनपुर इकाई भी स्थानीय स्तर पर समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार सेवा कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार के जनहितकारी प्रकल्प संचालित किए जाएंगे।

महाविद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा मैडम ने संस्था और केनरा बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक शौचालयों के निर्माण से छात्राओं को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से छात्राओं को स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी शिक्षा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों ने शिक्षा, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में मिलकर आगे भी कार्य करने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य