शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर। नगर निगम की बोर्ड बैठक में सोमवार को सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, अतिरिक्त बीमा और शहर के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लग गई। महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूरे सदन ने सफाई कर्मचारियों के वेतन में प्रदेश की सर्वाधिक वृद्धि और पांच लाख रुपये के अतिरिक्त बीमा की व्यवस्था के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया। निर्माण कार्यों से जुड़े सभी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक की शुरुआत पार्षद संजय गर्ग की माताजी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सदन स्थगित कर पुनः सेठ गंगाप्रसाद माहेश्वरी सभागार में बैठक शुरू की गई।
बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा नामित दस पार्षदों—धनपाल कश्यप, मुरारी खेतवाल, मनीष सचदेवा, शिवमंगल सिंह, राजेश वालिया, जसवीर मोगा, प्रवीण रोहिला, राहुल झाम, निशांत शर्मा और अरुण गुप्ता का स्वागत किया गया। स्थानीय निकाय एमएलसी वंदना वर्मा ने पहली बार बोर्ड बैठक में भाग लेते हुए अपनी निधि से सहारनपुर में विकास कार्य कराने का भरोसा दिया।

उपसभापति मयंक गर्ग सहित अनेक पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि को ऐतिहासिक बताते हुए महापौर का आभार व्यक्त किया। बैठक में पुरानी चुंगी चौक का नामकरण, व्यस्त बाजारों में वाटर कूलर लगाने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया सरल बनाने, पार्कों का नाम महापुरुषों के नाम पर रखने, निगम में एकल विंडो व्यवस्था लागू करने, एसटीपी प्लांट, सीवर, पेयजल, सड़क और खेल सुविधाओं सहित कई जनहित के मुद्दे उठाए गए।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पेयजल संकट है वहां तत्काल टैंकर भेजे जाएं तथा सभी वार्डों में खराब स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कर शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि शाकुंभरी कॉरिडोर को भव्य रूप देने की योजना पर कार्य चल रहा है और महर्षि वाल्मीकि चौक के प्रस्ताव को भी शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के दौरान पार्षद संजय सैनी ने अपना मानदेय न लेने तथा पूर्व में प्राप्त मानदेय भी वापस करने की घोषणा की। वहीं ब्लैकलिस्ट ठेकेदारों के हस्तक्षेप का मुद्दा उठने पर महापौर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ब्लैकलिस्ट ठेकेदार नगर निगम परिसर में दिखाई नहीं देने चाहिए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के साथ ऐसे ठेकेदार पाए गए तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने पार्षदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर नियमानुसार कार्रवाई और आवश्यक जांच कराने का आश्वासन दिया। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।








