शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर टेक्सटाइल प्रीमियर लीग (टीपीएल-2026) के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरपूर रहे। दोनों सेमीफाइनल मैचों में टेक्सटाइल स्ट्राइकर और टेक्सटाइल रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। अब आज दोनों टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी, जहां यह तय होगा कि टीपीएल-2026 की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।

सेमीफाइनल मुकाबलों के मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय सिंह रहे। उन्होंने टॉस कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और स्वयं एक ओवर बल्लेबाजी कर मैदान में उतरकर सभी को चौंका दिया। चौके और छक्कों से सजी उनकी बल्लेबाजी ने साबित कर दिया कि खेल के प्रति उनका जुनून आज भी किसी युवा खिलाड़ी से कम नहीं है। मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
पहले सेमीफाइनल में टेक्सटाइल स्ट्राइकर ने टेक्सटाइल चैलेंजर्स को 6 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। इस मुकाबले में मुकेश धमीजा उर्फ लविश को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में टेक्सटाइल रॉयल्स ने टेक्सटाइल किंग्स को 22 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ईशान अरोड़ा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अपने संबोधन में महापौर डॉ. अजय सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े लोगों द्वारा इस तरह का आयोजन समाज को जोड़ने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान रमेश अरोड़ा (अध्यक्ष, पंजाबी क्लॉथ मार्केट) ने महापौर डॉ. अजय सिंह का पटका एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। इस अवसर पर किशन लाल, दैनिक भास्कर प्रभारी मनोज मिड्ढा तथा शहरी चौपाल प्रभारी अर्पित मिड्ढा का भी सम्मान किया गया।
पूरे आयोजन का संचालन किंग इवेंट द्वारा किया गया, जिसकी व्यवस्थाओं की खिलाड़ियों और दर्शकों ने जमकर सराहना की। मैदान पर पेयजल, खानपान और अन्य सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था रही। वहीं युवा अंकित की जोशीली और आकर्षक कमेंट्री ने पूरे आयोजन में नया उत्साह भर दिया। उनकी ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों का भरपूर मनोरंजन किया।
अब सभी की निगाहें आज होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टेक्सटाइल स्ट्राइकर और टेक्सटाइल रॉयल्स के बीच टीपीएल-2026 की ट्रॉफी के लिए जोरदार मुकाबला होगा।








