Saharanpur News: कोर्ट रोड स्थित होटल खातिरदारी में दर्दनाक हादसा, लिफ्ट में गर्दन फंसने से होटल संचालक हर्ष खुराना की मौत

सहारनपुर के कोर्ट रोड स्थित होटल खातिरदारी में देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। होटल संचालक हर्ष खुराना की किचन लिफ्ट में गर्दन फंसने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । सहारनपुर के वीआईपी क्षेत्र कोर्ट रोड स्थित प्रसिद्ध होटल एवं रेस्टोरेंट खातिरदारी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। होटल संचालक हर्ष खुराना (58) की किचन में उपयोग होने वाली सर्विस लिफ्ट में गर्दन फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार होटल का किचन प्रथम तल पर है, जबकि रेस्टोरेंट ग्राउंड फ्लोर पर संचालित होता है। तैयार भोजन और अन्य सामान नीचे भेजने के लिए एक सर्विस लिफ्ट का इस्तेमाल किया जाता है। सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे सामान नीचे भेजा जा रहा था। इसी दौरान हर्ष खुराना नीचे से लिफ्ट की ओर झांककर ऊपर मौजूद कर्मचारियों को आवाज दे रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट नीचे आ गई और उनकी गर्दन उसमें फंस गई।

हादसा होते ही होटल में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक घबरा गए। तत्काल लिफ्ट का संचालन बंद किया गया और सभी लोगों ने मिलकर हिम्मत दिखाते हुए लिफ्ट को ऊपर उठाया, जिसके बाद हर्ष खुराना को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस तकनीकी खराबी सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

हर्ष खुराना शहर के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायियों में गिने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में शुभचिंतक और परिचित अस्पताल तथा होटल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य