CM Yogi Adityanath Saharanpur Visit: महाराज सिंह कॉलेज मैदान में आज होगी मुख्यमंत्री योगी की जनसभा, रातभर तैयारियों में जुटा प्रशासन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहारनपुर जनसभा को लेकर महाराज सिंह कॉलेज मैदान में प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है। रातभर पंडाल निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस तैनाती जारी, हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को प्रस्तावित सहारनपुर दौरे को लेकर पूरा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए निर्धारित महाराज सिंह कॉलेज मैदान को पुलिस प्रशासन ने चारों ओर से सुरक्षा घेरे में ले लिया है। देर रात तक मैदान में विशाल पंडाल तैयार करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी रहा और प्रशासन का दावा है कि बुधवार सुबह तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महाराज सिंह कॉलेज मैदान में मंगलवार देर रात तक अधिकारियों की लगातार आवाजाही बनी रही। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों की निगरानी करती रहीं। कार्यक्रम स्थल के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश और निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग की जा रही है, जबकि वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर पंडाल निर्माण का कार्य पूरी रात जारी रहेगा। मंच को अंतिम रूप देने के साथ-साथ ध्वनि व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए हर विभाग को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं। जनप्रतिनिधि भी तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी महाराज सिंह कॉलेज मैदान में मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा ले रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान सबसे पहले स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद महाराज सिंह कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और अंत में सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है तथा ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य उड़ने वाले उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सहारनपुर में उत्साह का माहौल है। प्रशासन का पूरा फोकस जनसभा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने पर है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ विकास योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों पर भी जनता को संबोधित करेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य