Saharanpur News: सहारनपुर पुलिस ने पशुओं को जहर देकर मारने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर पुलिस ने गागलहेड़ी क्षेत्र में पशुओं को जहर देकर मारने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेसवार्ता में बताया कि दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जो मृत पशुओं की खाल और मांस बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस ने पशुओं को जहरीला पदार्थ खिलाकर उनकी हत्या करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मृत पशुओं की खाल और मांस बेचकर अवैध कमाई करते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

एसपी सिटी ने बताया कि 29 जून को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर कुसानी निवासी परवेज आलम ने अपनी भैंस को जहर देकर मारने की शिकायत दर्ज कराई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर नवादा रोड से दो आरोपियों नदीम निवासी कमेला कॉलोनी इब्राहिमाबाद तथा गय्यूर निवासी मानकमऊ, थाना कुतुबशेर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन, 500 ग्राम गुड़, 500 ग्राम आटा, सल्फॉस के दो पैकेट, तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके पास मृत पशु उठाने का ठेका था। अधिक मुनाफा कमाने के लिए वे गांवों में एकांत स्थानों पर बंधे पशुओं को गुड़ और आटे में सल्फॉस मिलाकर खिलाते थे। पशु की मौत होने के बाद सूचना मिलते ही वे छोटा हाथी वाहन से उसे उठाकर ले जाते और उसकी खाल तथा मांस बेच देते थे। शक से बचने के लिए वाहन को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़ा किया जाता था और सुरक्षा के लिए आरोपी अपने पास चाकू भी रखते थे।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नदीम थाना मंडी का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ पशु क्रूरता, अवैध हथियार और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनपद में पशु क्रूरता, संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सहारनपुर पुलिस ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करती रहेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य