Saharanpur News: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 209 ग्राम चरस और 7 एटीएम कार्ड बरामद

सहारनपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 209 ग्राम चरस, सात एटीएम कार्ड और मोटरसाइकिल बरामद हुई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 209.03 ग्राम अवैध चरस, विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड, नकदी फंसाने में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पट्टियां तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले का खुलासा मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने किया।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभात सिनेमा के पीछे चेकिंग के दौरान हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी सुमित पुत्र छोटेलाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से 209.03 ग्राम अवैध चरस, सात एटीएम कार्ड, दो प्लास्टिक की सिल्वर पट्टियां और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामद बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एटीएम मशीनों पर आने वाले लोगों को बातचीत में उलझाकर उनका पिन नंबर देख लेता था और फिर चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। इसके बाद दूसरे एटीएम से खातों से रुपये निकाल लेता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि कई एटीएम मशीनों में नोट निकलने वाली जगह पर प्लास्टिक की पट्टियां लगाकर नकदी फंसा देता था और ग्राहक के जाने के बाद फंसी हुई रकम निकाल लेता था।

आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने 4 मई 2026 को सहारनपुर के खलासी लाइन स्थित हिताची एटीएम से एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर 55 हजार रुपये निकाले थे। इसके अलावा रोशनपुरा और रुड़की क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें, अपना पिन नंबर किसी को न बताएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य