Saharanpur News: सहारनपुर नगर विधानसभा की मतदाता सूची पर उठे सवाल, एक ही व्यक्ति के कई वोट होने का आरोप

सहारनपुर नगर विधानसभा-03 की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के दो, तीन और पांच से अधिक स्थानों पर नाम होने का मुद्दा जिला निर्वाचन विभाग की बैठक में उठा। अभिषेक टिंकू अरोड़ा और हाजी नवाब अंसारी ने आपत्ति पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और संशोधन की मांग की।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर । सहारनपुर नगर विधानसभा-03 की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के दो, तीन और पांच से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने का मामला मंगलवार को जिला निर्वाचन विभाग की बूथ समीक्षा बैठक में प्रमुखता से उठा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिला निर्वाचन प्रशासन के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज कराते हुए मतदाता सूची का निष्पक्ष सत्यापन और आवश्यक संशोधन कराने की मांग की।

बैठक में विधानसभा-03 के प्रभारी एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा तथा महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के समक्ष कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद भी मतदाता सूची में कई गंभीर त्रुटियां बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ मतदाताओं के नाम दो, तीन और यहां तक कि पांच अलग-अलग स्थानों पर दर्ज हैं, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत करते हुए निष्पक्ष जांच कर त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को हटाने तथा वास्तविक मतदाता सूची तैयार करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते इन विसंगतियों को दूर नहीं किया गया तो भविष्य में निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठ सकते हैं।

अपर जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में तथ्य सही पाए जाएंगे, वहां निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक संशोधन की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में विपिन जैन ने भी विधानसभा-03 की बूथवार मतदाता सूची को लेकर अपने सुझाव दिए। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से मतदाता सत्यापन, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष और शुद्ध मतदाता सूची पर निर्भर करती है। यदि एक ही व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर दर्ज रहेगा तो चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषपूर्ण प्रविष्टियों को हटाने और वास्तविक मतदाता सूची तैयार करने की मांग की।

बैठक के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित करने का भरोसा दिलाया और नागरिकों से अपील की कि यदि किसी मतदाता सूची में त्रुटि दिखाई देती है तो उसका प्रमाण सहित आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य