शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बुधवार को प्रस्तावित सहारनपुर दौरा खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण निर्धारित समय से विलंबित हो गया। मुख्यमंत्री को सुबह 11:45 बजे महाराज सिंह कॉलेज मैदान स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचना था, लेकिन मौसम प्रतिकूल होने के कारण दोपहर 12:50 बजे तक उनका काफिला कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सका।
मुख्यमंत्री के आगमन में देरी के बावजूद हजारों की संख्या में मौजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी लोग मुख्यमंत्री को सुनने और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के साक्षी बनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे। मंच से भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने लगातार संबोधन कर कार्यकर्ताओं और आमजन का उत्साह बनाए रखा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र की लगभग 613 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पेयजल, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
जनसभा मंच पर प्रभारी मंत्री वाई.पी. सिंह, महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, गंगोह विधायक किरत सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष मांगे राम, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, पूर्व विधायक संजय गर्ग, पूर्व महापौर संजीव वालियान, एमएलसी वंदना वर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई गोयल तथा पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उपस्थित लोगों में उत्साह का संचार किया।
प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी बारिश के बावजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है, जबकि अधिकारियों की टीमें भी विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे जनसभा स्थल पर लोगों में विशेष उत्सुकता दिखाई दी। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह यह दर्शा रहा था कि वे मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने और विकास योजनाओं की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम सामान्य होते ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।








