CM Yogi Saharanpur Visit: सहारनपुर को 620 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, स्कूल चलो अभियान-2026 का शुभारंभ, एयरपोर्ट और शाकंभरी कॉरिडोर पर बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर से स्कूल चलो अभियान-2026 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। 620 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, शाकंभरी कॉरिडोर, वुड कार्विंग, कानून व्यवस्था और विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं।

मनोज मिड्ढा 

सहारनपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर से प्रदेशव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ के दूसरे चरण का शुभारंभ करते हुए जनपद को करीब 620 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और शिक्षा, आधारभूत ढांचे, कानून व्यवस्था तथा धार्मिक पर्यटन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा।

मौसम खराब होने और लगातार बारिश के कारण मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित समय से करीब सवा घंटे देरी से शुरू हुआ। इसके बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरा पंडाल मुख्यमंत्री के संबोधन तक भरा रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होती है। अच्छे विद्यालय ही अच्छे नागरिक, शिक्षक, चिकित्सक, इंजीनियर और जनप्रतिनिधि तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में दिया गया स्कूल बैग केवल बैग नहीं बल्कि विकसित भारत की उड़ान का प्रतीक है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में बेसिक शिक्षा परिषद के केवल 36 प्रतिशत विद्यालय ही बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त थे, लेकिन ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से विद्यालयों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, पुस्तकालय, फर्नीचर, रसोईघर, चारदीवारी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। दिव्यांग बालिकाओं को छात्रवृत्ति, कौशल आधारित शिक्षा, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि तथा स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत विरासत पर ही विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी केवल यात्रा आसान नहीं करती बल्कि अर्थव्यवस्था को भी गति देती है।

उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही सहारनपुर का अपना एयरपोर्ट शुरू होगा। इसके बाद लोगों को हवाई यात्रा के लिए दिल्ली या देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के अगले चरण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सहारनपुर की प्रसिद्ध वुड कार्विंग उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से यहां के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिली है और 600 करोड़ रुपये से अधिक के उत्पाद विदेशों में निर्यात हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्यात बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और स्थानीय कारीगरों को नए अवसर मिलते हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था, जबकि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने शाकंभरी देवी धाम के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कॉरिडोर और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था और विकास दोनों सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की उपेक्षा की जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार विरासत और विकास दोनों को समान महत्व देकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करेगी, लेकिन हिंदू आस्था के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के हित और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सहारनपुर लगातार इसलिए आते हैं ताकि जनपद के लोगों को यह महसूस न हो कि प्रदेश के अंतिम छोर पर होने के कारण उनके साथ किसी प्रकार की उपेक्षा हो रही है।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बस स्टेशन, स्मार्ट सड़कें, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सहारनपुर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे विकसित जिलों में शामिल होगा।

कार्यक्रम में शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, प्रभारी मंत्री वाई.पी. सिंह, लोक निर्माण मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी , महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, मुकेश चौधरी, कीरत सिंह, पूर्व विधायक संजय गर्ग, नरेश सैनी, रविंद्र मोल्हू, पूर्व महापौर संजीव वालिया, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा , भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई , पूर्व भाजपा सांसद राघव लखन पाल शर्मा एवं प्रदीप चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों नागरिक उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य