शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी के तिरंगा चौक पर एक किराये के मकान में डॉक्टर और एक युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाएगा।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किए हुए है और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। खिड़की से अंदर देखने पर संदिग्ध स्थिति दिखाई देने पर आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के भीतर एक पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 39 वर्ष थी और वह मूल रूप से केरल का निवासी था। वह सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में चिकित्सक के रूप में कार्यरत था। मृतका की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है और वह थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया डॉक्टर द्वारा अपने हाथ की कलाई की नस काटने के बाद कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग कर आत्महत्या किए जाने की संभावना जताई गई है। वहीं युवती के बारे में आशंका है कि उसने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवती के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार डॉक्टर पिछले करीब दो वर्षों से तिरंगा चौक स्थित मकान में किराये पर रह रहा था। चर्चा है कि वह विवाहित था तथा उसकी पत्नी और लगभग 12 वर्षीय पुत्र दिल्ली में रहते हैं, जबकि वह सहारनपुर में अकेले रहकर नौकरी करता था। यह भी बताया जा रहा है कि युवती की तबीयत खराब होने पर उसका उपचार उसी अस्पताल में हुआ था, जहां डॉक्टर कार्यरत था और वहीं से दोनों की जान-पहचान हुई। हालांकि इन तथ्यों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।








