शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित 5वीं अंडर-15 सब जूनियर राष्ट्रीय बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के युवा मुक्केबाज अनिक बाबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने के साथ प्रतियोगिता का प्रतिष्ठित ‘बेस्ट बॉक्सर’ पुरस्कार अपने नाम कर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि सहारनपुर के खेल जगत का भी गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता से लौटने पर सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अनिक बाबरा और उनके बॉक्सिंग कोच प्रवीण कुमार को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
22 से 29 जून 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के उभरते मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया। अनिक बाबरा ने अपने दमदार पंच, शानदार तकनीक और आत्मविश्वास से हर मुकाबले में विरोधियों पर बढ़त बनाई। पूरे टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए निर्णायक मंडल ने उन्हें स्वर्ण पदक के साथ प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज (बेस्ट बॉक्सर) घोषित किया।
क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि मूल रूप से मेरठ निवासी अनिक बाबरा वर्तमान में सहारनपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बॉक्सिंग प्रशिक्षक प्रवीण कुमार के निर्देशन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 25 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश के किसी मुक्केबाज ने राष्ट्रीय सब जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में ‘बेस्ट बॉक्सर’ का खिताब अपने नाम किया है। यह उपलब्धि प्रदेश के बॉक्सिंग इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि अनिक बाबरा की सफलता यह साबित करती है कि यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास का अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कोच प्रवीण कुमार की सराहना करते हुए कहा कि एक सफल खिलाड़ी के पीछे प्रशिक्षक की मेहनत और समर्पण की भी बड़ी भूमिका होती है।
सम्मान समारोह में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, एसडीएम सदर सुबोध प्रधान, क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा, जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन की सचिव रितु देवी, तबरेज अहमद, जयेंद्र कुमार, पुनीत आर्य, सन्नी कुमार, रूपेश कुमार, आदेश कुमार, गौरव मलिक, पुष्पेंद्र, शिवनंदन सहित अनेक खेल अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने अनिक बाबरा और उनके कोच को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का तिरंगा बुलंद करने की शुभकामनाएं दीं।
अनिक बाबरा की यह सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी प्रकार प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण मिलता रहा तो उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग के कई नए सितारे तैयार करेगा।








