शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर ।सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी के एक किराये के कमरे में युवक और युवती के शव मिलने के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृत युवक केरल का मूल निवासी था और शहर के एक निजी अस्पताल में लैब तकनीशियन के रूप में कार्यरत था। मृत युवती गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी और एक निजी विद्यालय में शिक्षिका बताई जा रही है। दोनों के बीच पिछले करीब चार वर्षों से परिचय और निकटता थी।
अस्पताल से शुरू हुई पहचान, धीरे-धीरे गहराया रिश्ता
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि करीब चार वर्ष पहले युवती अपनी मां के इलाज के सिलसिले में एक निजी अस्पताल आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अस्पताल में कार्यरत लैब तकनीशियन से हुई। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह संबंध प्रेम में बदल गया। पुलिस के अनुसार दोनों लगातार संपर्क में थे और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड भी नियमित बातचीत की ओर संकेत कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, युवती के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी होने के बाद उन्होंने इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि परिवार युवती के विवाह की तैयारी कर रहा था, जिससे दोनों मानसिक तनाव में थे। हालांकि इन तथ्यों की पुलिस आधिकारिक स्तर पर पुष्टि कर रही है ।
घटना वाले दिन युवती घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश शुरू करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान पुलिस संबंधित युवक के किराये के कमरे तक पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने उसे तोड़कर प्रवेश किया, जहां युवक और युवती मृत अवस्था में मिले।
किराए के कमरे में मिले दोनों के शव
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। कमरे से कुछ दवाएं, चिकित्सकीय उपयोग की सामग्री तथा अन्य वस्तुएं भी बरामद हुई हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की मौत का कारण प्रारंभिक पोस्टमार्टम में फांसी से होना बताया गया है, जबकि युवती की मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उसका विसरा सुरक्षित रखकर रासायनिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी।
घटनास्थल से मिले अन्य भौतिक साक्ष्यों और फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
युवक पहले से था विवाहित
जांच में यह भी सामने आया है कि मृत युवक पहले से विवाहित था और उसका एक पुत्र भी है। उसकी पत्नी दिल्ली में नौकरी करती है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन सहारनपुर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। वहीं युवती का अंतिम संस्कार उसके परिजनों ने किया।
परिजनों ने नहीं की अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की मांग
पुलिस के अनुसार युवती के परिजनों ने फिलहाल किसी अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है। इसके बावजूद मामले की जांच नियमानुसार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट, विसरा जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर यदि कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी अपुष्ट जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें। जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक तथ्यों के आधार पर पूरी स्थिति स्पष्ट की जाएगी।








