शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । सहारनपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत नकुड़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 65 ग्राम अवैध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी के नशा तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में पूरे मंडल में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को चौकी अंबेहटा पीर के कार्यवाहक प्रभारी उपनिरीक्षक रणवीर शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम अंबेहटी जाने वाले मार्ग पर स्थित एक ट्यूबवेल के पास से हाशिम पहलवान पुत्र सलामू निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना नकुड़ को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 65 ग्राम अवैध स्मैक तथा नशीले पदार्थ की तौल के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना नकुड़ में मु.अ.सं. 356/2026 के तहत धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, डकैती और अन्य गंभीर धाराओं में कई पुराने मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी अभियान चलाया जाएगा।








