प्रमोद शर्मा
छुटमलपुर (सहारनपुर) सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे में एक बार फिर चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। शातिर चोरों ने दो प्रतिष्ठानों और एक किसान के ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए करीब सवा लाख रुपये की नकदी, पीतल की महंगी टोंटियां, कॉपर की तार, कटआउट और अन्य सामान चोरी कर लिया। पूरी घटना के बाद कस्बे में दहशत का माहौल है, जबकि व्यापारियों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले देहरादून रोड स्थित किरण (मुनीष) मार्बल होम की छत पर लगी टीनशेड हटाकर अंदर घुसने का प्रयास किया। वहां कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश के दौरान आवाज सुनकर भवन स्वामी संदीप बंसल जाग गए, जिससे चोर वहां से भाग निकले। इसके बाद उन्होंने पास स्थित बंसल आयरन स्टोर को निशाना बनाया।
चोरों ने लोहे की डाई से दुकान के मुख्य गेट का कुंडा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी करीब 1.22 लाख रुपये की नकदी के साथ पीतल की महंगी टोंटियां चोरी कर लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से फरार हो गए। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिसमें उन्हें सामान से भरा कट्टा ले जाते हुए देखा जा सकता है।
इसी रात चोरों ने अलीपुर संभालकी गांव में किसान कमल सैनी के ट्यूबवेल को भी निशाना बनाया। वहां से कॉपर की तार, कटआउट और अन्य लोहे का सामान चोरी कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। व्यापार मंडल के मांगेराम शर्मा और कविराज चौधरी के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाना फतेहपुर पहुंचकर तहरीर दी और जल्द खुलासे की मांग की।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।








