शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन शनिवार को सहारनपुर विधानसभा-03 क्षेत्र में सेवा, सम्मान और जनकल्याण के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा तथा महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को उपयोगी सामग्री वितरित कर जन्मदिन को सामाजिक सेवा दिवस के रूप में मनाया गया।
पुरानी चुंगी स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के साथ केक काटकर की गई। इसके बाद महिलाओं को सम्मान स्वरूप सूट भेंट किए गए, जबकि स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन और पेंसिल वितरित कर शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बच्चों ने भी अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, मजदूरों, महिलाओं और विद्यार्थियों के हितों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव युवाओं की उम्मीद और आम जनता की मजबूत आवाज हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सामाजिक न्याय और शिक्षा को नई दिशा मिली। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना है। जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने भी अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका नेतृत्व प्रदेश में सामाजिक समरसता और विकास की नई पहचान बना है।
कार्यक्रम में महिला सभा महानगर अध्यक्ष गुलशन खान, राजीव अग्रवाल, शादाब अंसारी, विनोद ठकराल, ऋषभ शर्मा, शुभम शर्मा, प्रिंस पंडित, नवीन महेश्वरी, अनुभव शर्मा, सायरा सिद्दीकी, दानिश मलिक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। अंत में सभी ने समाज के कमजोर वर्गों की सेवा और प्रदेश की खुशहाली के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।








