शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री गुरु रविदास सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गौतम का छह दिवसीय ‘मन चंगा जनसंदेश यात्रा’ के सफल समापन के बाद सहारनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। यात्रा से लौटने पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और यात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित गौतम ने कहा कि मन चंगा जनसंदेश यात्रा का उद्देश्य संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में इस विशेष यात्रा का आयोजन किया गया, ताकि समाज को उनके आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़कर सामाजिक जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज का प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को सकारात्मक सोच, समानता और मानवता का मार्ग दिखाता है। इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने 508 किलोमीटर की यात्रा का संकल्प लिया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रोहित गौतम ने बताया कि यात्रा की शुरुआत सहारनपुर स्थित संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा रुड़की, हरिद्वार, लक्सर, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, खतौली, मेरठ, मोदीनगर, मुरादनगर, गाजियाबाद, नोएडा होते हुए दिल्ली पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। उन्होंने कहा कि यात्रा हाईवे पर वाहनों के माध्यम से संचालित की गई, जबकि गांवों और शहरों में कार्यकर्ताओं ने पैदल जनसंपर्क कर लोगों को गुरु महाराज के संदेश से जोड़ने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य बेगमपुरा के उस आदर्श समाज की अवधारणा को साकार करने का प्रयास है, जहां भेदभाव, अन्याय और असमानता के लिए कोई स्थान न हो। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और गुरु रविदास महाराज के विचारों को समाज तक पहुंचाने के इस अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार सचिन गौतम, नाथीराम, एडवोकेट सुरेश पाल, एडवोकेट विपिन मौर्य, संजीव नौटियाल, संदीप कुमार, प्रमोद कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यात्रा में मलकीत सिंह (जालंधर), शिवकुमार पालीवाल, गौरव लंबा, प्रवीण रविदासिया, एडवोकेट सचिन गौतम, मेघराज, विवेक कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी गुरु रविदास महाराज के विचारों के प्रचार-प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए ऐसे जनजागरण अभियान निरंतर आयोजित किए जाएंगे।








