शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर के नगरायुक्त शिपू गिरी ने शनिवार को श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुंड का निरीक्षण कर वहां की सफाई, सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कुंड की स्वच्छता, पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगरायुक्त महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार के साथ सुबह गोगा महाड़ी परिसर पहुंचे। उन्होंने स्वच्छ कुंड की साफ-सफाई, जल की स्थिति तथा आसपास के वातावरण का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण स्थल की स्वच्छता और गरिमा हर समय बनी रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कुंड के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
शिपू गिरी ने परिसर में स्थित पेड़-पौधों के संरक्षण और हरियाली को बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का स्वच्छ और सुंदर वातावरण श्रद्धालुओं को सकारात्मक अनुभव प्रदान करता है। इसलिए परिसर में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए तथा पौधों की देखभाल भी प्राथमिकता के साथ की जाए।
नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ कुंड की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित सफाई, समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक रखरखाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं के लिए लगातार कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इस दिशा में अभियान जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगरायुक्त को वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा उन्हें रखरखाव संबंधी कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।








