शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के प्रथम सहारनपुर आगमन को लेकर भाजपा महानगर इकाई ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को होने वाले उनके स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा, स्वागत मंच तथा कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि यह दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि नवाब सिंह नागर का प्रथम सहारनपुर आगमन संगठन के लिए गौरव का विषय है। कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्वागत लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और अनुशासन के अनुरूप कार्य कर रहा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन संगठन को और अधिक मजबूती देगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सहारनपुर महानगर के कार्यकर्ताओं में क्षेत्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर विशेष उत्साह है। उनका स्वागत पूरी गरिमा और आत्मीयता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन सेवा, समर्पण और विकास के सिद्धांतों पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का संगठन राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना से कार्य करता है। नवाब सिंह नागर के नेतृत्व में संगठन को नई गति मिलेगी और उनका प्रथम दौरा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
पूर्व महापौर संजीव वालिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष का आगमन संगठन को और अधिक सशक्त तथा गतिशील बनाएगा। वहीं पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों में लगे हुए हैं और यह आयोजन संगठन की एकजुटता एवं अनुशासन का परिचायक बनेगा।
महानगर मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि महानगर इकाई ने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। पार्टी का उद्देश्य संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का भव्य प्रदर्शन करना है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि नवाब सिंह नागर के प्रथम दौरे से संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी तथा आगामी अभियानों को गति प्रदान होगी। स्वागत कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश भी देंगे।








