शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने सोमवार को नगर विधानसभा के प्रताप मंडल एवं देहात विधानसभा के कोटा मंडल की मासिक बैठकों का आयोजन कर संगठनात्मक गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की। बैठकों में मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर चल रहे अभियानों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठकों में भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, महानगर महामंत्री सरदार सुपनीत सिंह एवं ललित कटारिया, मंडल प्रभारी अनेश शर्मा, विनीत गुप्ता, प्रताप मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा तथा कोटा मंडल अध्यक्ष अमित शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन द्वारा संचालित “12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण” अभियान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस एवं जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए प्रत्येक अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावशाली बनेगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।
बैठक में उपस्थित मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि सभी अभियान पूरी निष्ठा के साथ बूथ स्तर तक संचालित किए जाएंगे तथा आगामी कार्यक्रमों को भी पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सफल बनाया जाएगा।
बैठक में संगठन की सदस्यता वृद्धि, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, बूथ समितियों की मजबूती तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है और आगामी कार्यक्रमों में भी इसी उत्साह को बनाए रखा जाएगा।
बैठक में महानगर मंत्री नितिन परमार, गौरव जैन, हरीश कक्कर, विश्वनाथ गोयल, पार्षद नीरज शर्मा, अनुज जैन, संजय कालरा, साबिर मलिक, राज अरोड़ा, उदय जैन, अनुराग जैन, नीरज गुप्ता, अभिषेक गर्ग, तबरेज खान, धर्मप्रकाश गोयल, नीरज जैन, मुस्तकीम, संगीता धीमान, मंजू जैन, शिवानी वर्मा, मुनेश त्यागी, विशाल त्यागी, सनी त्यागी, शशिकांत, विपिन कुमार, योगेंद्र यादव, मनीता, प्रियांशी, धीर सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








