शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर महानगर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वार्ड संख्या-46 में लगभग 47 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चार सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजनाओं का मंगलवार को महापौर डॉ. अजय कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में सहारनपुर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं तथा प्रत्येक वार्ड को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महापौर ने सबसे पहले माधव विहार कॉलोनी में बालाजी मोटर्स से अमन की दुकान तक लगभग 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क एवं नाली निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया। इसके बाद अमन की दुकान से अनिल के मकान तक लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दूसरी परियोजना की आधारशिला रखी।
इसी क्रम में ब्रिज विहार कॉलोनी में मुस्कान ब्यूटी पार्लर से सुरेंद्र फौजी के मकान तक करीब 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क एवं नाली परियोजना तथा शिवपुरी कॉलोनी में अमर सैनी के मकान से मनोज सैनी के मकान तक लगभग 7.5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सहारनपुर नगर निगम भी इसी दिशा में प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य करा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों से नागरिकों का जीवन आसान होगा और शहर की तस्वीर भी बदलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, महापौर डॉ. अजय कुमार तथा नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क और जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। नए निर्माण कार्य पूरे होने के बाद आवागमन आसान होगा और बरसात के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, उपसभापति मयंक गर्ग, पार्षद ज्योति अग्रवाल, मुकेश गक्खड़, वीर सिंह सिद्धू, दिग्विजय चौहान, नामित पार्षद निशांत शर्मा, भाजपा नेता अनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनुज तायल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम इसी प्रकार अन्य वार्डों में भी विकास कार्यों को गति देगा, जिससे सहारनपुर को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक शहर बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा हो सके।








