Kanwar Yatra 2026: मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार के सख्त निर्देश, कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरी हों सभी तैयारियां

कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के जिलाधिकारियों को सुरक्षा, ट्रैफिक, सीसीटीवी, चिकित्सा, सफाई और विद्युत व्यवस्था समय से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों के जिलाधिकारियों को व्यापक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने का इंतजार न किया जाए, बल्कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

मंडलायुक्त ने कहा कि इस वर्ष पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ियों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रत्येक विभाग अपनी कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त किए जाएं, लटके हुए विद्युत तारों को ठीक कराया जाए तथा ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों की बैरिकेडिंग कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दिशा सूचक संकेतक, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप्स और बेहतर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के प्रवेश और निकास बिंदुओं, विशेषकर गागलहेड़ी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्गों की झाड़ियों की सफाई, अस्थायी अतिक्रमण हटाने, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जांच कर उन्हें चालू कराया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कैमरे और पीए सिस्टम लगाए जाएं।

उन्होंने सभी डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया की सतत निगरानी करते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

मंडलायुक्त ने कहा कि शिविर केवल प्रशासन की अनुमति से लगाए जाएं तथा शहरी क्षेत्रों में सिविल डिफेंस और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से स्वयंसेवकों की सहायता ली जाए। उन्होंने एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ संबंधित कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी अधिकारियों के पास उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कांवड़ मार्गों पर सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती, शिवालयों में भीड़ नियंत्रण, रेलवे प्रशासन से समन्वय तथा नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायत के कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने पर भी विशेष जोर दिया।

मंडलायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य