शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और शासन की महत्वपूर्ण पहलों की प्रमाणिक जानकारी आमजन तक डिजिटल माध्यम से प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह द्वारा लॉन्च किए गए इस चैनल के माध्यम से अब प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की तथ्यपरक एवं त्वरित जानकारी वीडियो स्वरूप में नागरिकों तक पहुंचेगी।
अपर निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में सूचना विभाग ने आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपनी संचार व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि “सूचना प्रवाह” केवल एक यूट्यूब चैनल नहीं बल्कि सरकार और जनता के बीच संवाद का एक विश्वसनीय डिजिटल मंच होगा।
उन्होंने बताया कि इस चैनल पर उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, शासन के महत्वपूर्ण निर्णयों, जनहितकारी अभियानों, सरकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से संबंधित वीडियो नियमित रूप से प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, जनजागरूकता अभियान तथा महत्वपूर्ण आयोजनों का भी प्रसारण किया जाएगा।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। “सूचना प्रवाह” इसी उद्देश्य को पूरा करेगा और नागरिकों को प्रमाणिक, विश्वसनीय तथा समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराएगा। इससे फर्जी सूचनाओं और अफवाहों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी अधिक लोगों तक पहुंचेगा, जब सही जानकारी समय पर उपलब्ध होगी। यह चैनल आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए उपयोगी साबित होगा। इसके माध्यम से प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक तस्वीर भी लोगों के सामने आएगी।
अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए यह पहल भविष्य में जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” से जुड़कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करें।
सूचना विभाग का मानना है कि यह डिजिटल मंच शासन और आमजन के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनके क्रियान्वयन और उपलब्धियों से भी सीधे अवगत कराया जाएगा। इससे सरकार की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी प्रयासों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।








