छुटमलपुर में घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, चाकू सहित पति गिरफ्तार

सहारनपुर के छुटमलपुर में घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। पढ़ें पूरी खबर।

प्रमोद शर्मा 

छुटमलपुर (सहारनपुर)। छुटमलपुर कस्बे की हरिजन कॉलोनी में बुधवार सुबह घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी के मायके पहुंचकर पति ने कथित रूप से चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची थाना फतेहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति को उसके गांव से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतका मीनू (32) का लगभग 14 वर्ष पूर्व सन्नी के साथ प्रेम विवाह हुआ था। दोनों के चार बच्चे हैं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। करीब 22 दिन पहले हुए विवाद के बाद पंचायत भी हुई थी, जिसके बाद मीनू अपने मायके हरिजन कॉलोनी में रहने लगी थी।

परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह सन्नी पत्नी को लेने मायके पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में सन्नी ने चाकू से पत्नी पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मीनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

मृतका की बहन दीपा ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार घर आकर झगड़ा कर चुका था। पड़ोसियों ने भी बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी ने परिवार के साथ विवाद किया था। घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने शोर सुनकर परिजनों को जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतका के पिता बालकिशन की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी सन्नी को उसके गांव रजापुर करालटी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस घरेलू कलह को हत्या का कारण मान रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी था और लंबे समय से कोई काम भी नहीं कर रहा था, जिसके चलते दंपति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य