शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के आदेश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गुरुवार को दो अलग-अलग खाद्य निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन खाद्य नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) भी जारी किए गए।

विभाग की पहली कार्रवाई छजुपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शिवलोक फूड प्रोडक्ट में की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर अचार, टोमैटो सॉस, रेड चिली सॉस, सोया सॉस तथा सिंथेटिक विनेगर बिक्री के लिए तैयार अवस्था में पाए गए। मौके पर अचार की पैकिंग का कार्य भी संचालित हो रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर टोमैटो सॉस एवं रेड चिली सॉस के दो नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद विभागीय टीम ने चिलकाना रोड स्थित आर.के. पुरम में संचालित क्राफ्ट फूड्स का निरीक्षण किया। यहां मुरब्बा एवं अचार का निर्माण कार्य जारी मिला। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों में कुछ कमियां पाए जाने पर संचालक को सुधार सूचना जारी की गई। इसी दौरान किचन गार्डन ब्रांड के तैयार आंवला मुरब्बा का एक नमूना भी जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि तीनों नमूनों की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग लगातार सैंपलिंग एवं निरीक्षण अभियान चला रहा है। त्योहारों और बढ़ती खाद्य मांग को देखते हुए जांच अभियान को और तेज किया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी, घटिया अथवा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। विभाग प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करेगा तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापेमार कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जवाहरलाल, जगदंबा प्रसाद, विनोद कुमार, कुलदीप तिवारी, सुमन पाल, अमित कुमार गौतम एवं प्रदीप तिवारी शामिल रहे।








