Saharanpur News बेहट तहसील में गरजी भाकियू रक्षक, किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

बेहट तहसील में भारतीय किसान यूनियन रक्षक ने किसानों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। बिजली विभाग, लेखपालों के उत्पीड़न, भूमाफियाओं पर कार्रवाई, पेयजल और सड़क निर्माण सहित कई मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

बेहट (सहारनपुर)। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों के उत्पीड़न के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (रक्षक) ने गुरुवार को बेहट तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने धरना देकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा बाद में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं किया गया तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह ओहलान ने कहा कि किसानों और मजदूरों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा करना है तथा यदि प्रशासन ने उनकी समस्याओं की अनदेखी की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को बिजली, राजस्व और अन्य विभागों में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने किसानों और मजदूरों से संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

ज्ञापन में उठाई कई महत्वपूर्ण मांगें

भाकियू रक्षक द्वारा एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में बिजली विभाग एवं लेखपालों द्वारा किसानों के कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा छुटमलपुर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

संगठन ने ग्राम जाटोंवाला में बरसाती नदी के कटाव से प्रभावित संपर्क मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी। वहीं ग्राम हबीबपुर तपोवन में पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए बड़ी क्षमता की मोटर स्थापित करने, पूरे गांव में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में हबीबपुर तपोवन से मोहम्मदपुर झाझरा जाने वाले मार्ग की मरम्मत कर ग्रामीणों की आवाजाही सुगम बनाने की भी मांग की गई।

आंदोलन की चेतावनी

भाकियू रक्षक नेताओं ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन किसानों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र सैनी, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बतान, मंडल अध्यक्ष अमित ओहलान, बलकार सिंह, सुनील शास्त्री, जिला प्रभारी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ मो. तालिब, असलम, सरवेज जावेद, अर्जुन सिंह, साहबान, सूबे सिंह, शहनाज, शाइमा सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य