शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को सहारनपुर दीवानी न्यायालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतेंद्र कुमार तथा प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्री देवेंद्र सिंह ने सेंशन हाउस परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद न्यायालय परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और प्रकृति के संरक्षण के बिना स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृ सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि लगाया गया पौधा तभी सार्थक होगा, जब उसे जीवित रखकर एक वृक्ष के रूप में विकसित किया जाए।
प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि न्यायपालिका समाज को केवल न्याय ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति भी जागरूक करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी, प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती चांदनी, अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान, अपर जिला जज विकास गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मीनाक्षी सिन्हा, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. संवेदना चौहान सहित सभी न्यायिक अधिकारियों ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम में दीवानी न्यायालय परिसर को हरित बनाने के उद्देश्य से औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और दीर्घकालिक संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर समस्त न्यायिक अधिकारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा दीवानी न्यायालय का स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सहारनपुर की ओर से वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत किया गया। आयोजकों ने कहा कि आने वाले समय में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।








