शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । दिल्ली रोड स्थित होटल जय विलास में रविवार को डॉ. समित सर्जिकल सेंटर एवं एओएमएसआई (AOMSI) उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर की डेंटल कॉन्फ्रेंस ‘IMPLANTOCON-2026’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर के प्रसिद्ध ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जनों तथा डेंटल इम्प्लांट विशेषज्ञों ने भाग लेकर आधुनिक इम्प्लांट तकनीकों, डिजिटल डेंटिस्ट्री और जटिल सर्जिकल प्रक्रियाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर डॉ. समित सर्जिकल सेंटर ने चिकित्सा सेवा के 10 सफल वर्ष भी पूरे किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. ए.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, वरिष्ठ दंत शल्य चिकित्सक डॉ. पंकज खन्ना सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रवीण शर्मा, आईडीए सहारनपुर अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता, एओएमएसआई उत्तराखंड अध्यक्ष डॉ. विकास रमोला सहित देशभर के सैकड़ों चिकित्सकों ने भाग लिया।
वैज्ञानिक सत्रों में विशेषज्ञों ने फुल आर्क इम्प्लांट, डिजिटल वर्कफ्लो, बोन ग्राफ्टिंग, ज़ायगोमैटिक एवं प्टेरीगॉइड इम्प्लांट, नर्व बाईपास तकनीक तथा जटिल इम्प्लांट सर्जरी जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए। युवा डॉक्टरों के लिए हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और पैनल डिस्कशन भी आयोजित किया गया, जिससे उन्हें नई तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी मिली।
सम्मेलन के समापन पर ‘डिकेड ऑफ एक्सीलेंस, ट्रस्ट एंड केयर’ थीम के साथ गाला नाइट आयोजित की गई। इस दौरान संस्थान के संरक्षक डॉ. एस.के. जैन, निदेशक डॉ. सारिका जैन, आयोजन अध्यक्ष डॉ. समित जैन तथा आयोजन सचिव डॉ. लवलीन कौर ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. समित जैन ने कहा कि उनका उद्देश्य सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को महानगरों जैसी अत्याधुनिक डेंटल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक सम्मेलन चिकित्सकों के ज्ञानवर्धन के साथ मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सम्मेलन ने सहारनपुर को आधुनिक डेंटल इम्प्लांटोलॉजी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल तकनीक और आधुनिक इम्प्लांट विज्ञान आने वाले वर्षों में दंत चिकित्सा को अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावी बनाएंगे, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा।








