शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को सहारनपुर जनपद के थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र स्थित विकास खंड बलियाखेड़ी में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह, सदर विधायक राजीव गुम्बर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, जिला वन अधिकारी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर हरित और स्वच्छ उत्तर प्रदेश के निर्माण का संदेश दिया।
राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं बल्कि उन्हें संरक्षित कर भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने वृक्षारोपण को भावनात्मक और सामाजिक आंदोलन का रूप दिया है। प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी उसी आत्मीयता से करनी चाहिए।
विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम आज अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण मिल सकेगा। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने भी पौधरोपण कर नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध करें।
इस अवसर पर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित सहारनपुर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पौधे केवल प्रकृति की धरोहर नहीं बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो प्रदेश को हरित बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित अभियान समय की आवश्यकता हैं। सहारनपुर में आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।








