Saharanpur News: शहरी चौपाल की खबर का असर, नगर निगम ने जलभराव हटाया; अब नालियों से अवैध निर्माण हटाने की उठी मांग

सहारनपुर में शहरी चौपाल की खबर का असर देखने को मिला। नगर आयुक्त और महापौर के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने सेंट्रल पार्क कॉलोनी मार्ग से जलभराव हटाया। अब स्थानीय लोगों ने नालियों पर हुए अवैध निर्माण हटाकर स्थायी समाधान की मांग की है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का असर एक बार फिर देखने को मिला। शहरी चौपाल में दिल्ली रोड स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी से सेंट्रल पार्क कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर लगातार बने जलभराव और नालियों पर अवैध निर्माण की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद नगर निगम हरकत में आ गया। मंगलवार सुबह ही नगर आयुक्त और महापौर डॉ. अजय सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा, जिसके बाद सड़क पर भरा पानी निकलवाया गया।

जलभराव समाप्त होने के बाद आसपास के लोगों ने महापौर और नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल पानी निकालना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि नालियों पर किए गए अवैध निर्माण नहीं हटाए गए तो अगली बारिश में फिर यही स्थिति पैदा होगी।

नालियों के अंदर खड़ी कर दी गईं दीवारें

स्थानीय लोगों के अनुसार दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी मार्ग पर कुछ लोगों ने नालियों के भीतर ही दीवारें खड़ी कर दी हैं। दो स्थानों पर दुकानें बन चुकी हैं, जबकि एक अन्य खाली प्लॉट पर भी नाली के अंदर से दीवार उठाकर जल निकासी का रास्ता रोक  दिया गया है। इससे बरसात का पानी आगे नहीं बढ़ पाता और सड़क पर जमा हो जाता है।

शहरी चौपाल ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा

शहरी चौपाल ने इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए बताया था कि बारिश थमने के कई दिन बाद भी सड़क पर पानी भरा हुआ है, जबकि शहर के अन्य क्षेत्रों से पानी उतर चुका है। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जल निकासी कराकर लोगों को तत्काल राहत दिलाई।

अब स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर निगम ने तत्काल राहत तो दे दी, लेकिन यदि नालियों के भीतर बने अवैध निर्माण और अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो आने वाले बरसात के मौसम में फिर से यही समस्या सामने आएगी। लोगों ने मांग की है कि नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौके पर भेजकर नालियों के अंदर बने अवैध निर्माण हटाए जाएं और नालियों को उनके मूल स्वरूप में पुनः निर्मित कराया जाए।

स्मार्ट सिटी की छवि पर उठ रहे सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन यदि नालियां ही अवरुद्ध रहेंगी तो सड़कें बार-बार जलभराव का शिकार होंगी। इससे न केवल आम लोगों को परेशानी होगी, बल्कि नगर निगम द्वारा बनाई गई सीसी सड़क भी समय से पहले क्षतिग्रस्त हो सकती है।

लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर आयुक्त और महापौर इस मामले में स्थायी समाधान के लिए भी शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि भविष्य में इस मार्ग पर जलभराव की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य