Saharanpur News: छुटमलपुर में व्यापारियों ने उठाई जीएसटी की एकल व्यवस्था लागू करने की मांग, अतिक्रमण और जलभराव पर जताई चिंता

छुटमलपुर में संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी की एकल व्यवस्था लागू करने, अतिक्रमण हटाने, जलभराव की समस्या दूर करने और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

प्रमोद शर्मा 

छुटमलपुर (सहारनपुर)। संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी व्यवस्था को सरल और व्यापारी हितैषी बनाने की मांग करते हुए सरकार से एकल (सिंगल) जीएसटी प्रणाली लागू करने की अपील की। इसके साथ ही कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण, बिजली कटौती, जलभराव, सड़क और जल निकासी जैसी स्थानीय समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की गई।

नगर अध्यक्ष कविराज चौधरी के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि वर्तमान जीएसटी प्रणाली में व्यापारियों को अनेक तकनीकी और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार बदलते नियम, विभिन्न प्रकार की रिटर्न और जटिल प्रक्रियाएं विशेष रूप से छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। ऐसे में सरकार को जीएसटी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और व्यवहारिक बनाना चाहिए।

जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि व्यापारियों को अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं और तकनीकी जटिलताओं से राहत देने के लिए जीएसटी की एकल व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। इससे व्यापारियों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

बैठक में स्थानीय व्यापारियों ने कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण के कारण ग्राहकों और व्यापारियों को रोजाना जाम और आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ता है। इससे बाजारों में व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से नियमित अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

हाल ही में हुई बारिश के बाद बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी बैठक का प्रमुख विषय रही। व्यापारियों ने बताया कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण बाजारों में पानी भर जाता है, जिससे दुकानों में नुकसान होने के साथ-साथ ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। उन्होंने नालों की समय पर सफाई, जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने की मांग की।

बैठक में बिजली आपूर्ति की समस्या पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने कहा कि बार-बार बिजली कटौती से व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने विद्युत विभाग से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि स्थानीय समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की अपील की।

बैठक में व्यापारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर महामंत्री विशाल उपाध्यक्ष, प्रवेश जैन, राजीव गोयल, श्रवण चौधरी, विकास चौधरी, मयंक शर्मा, फिरोज आफताब, श्रवण कश्यप, समीम, केपी राठी, राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य