Saharanpur Nagar Nigam: कार्यकारिणी समिति के छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित, महापौर डॉ. अजय कुमार ने दिए प्रमाण पत्र

सहारनपुर नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों का निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ। महापौर डॉ. अजय कुमार ने निर्वाचित पार्षदों को प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। नौ नामांकन में एक निरस्त और दो वापस लिए गए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर की कार्यकारिणी समिति के छह नए सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को निर्विरोध संपन्न हो गया। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनमंच सभागार में आयोजित निगम बोर्ड की बैठक में कार्यकारिणी के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई। चुनाव में अंतिम रूप से छह पार्षद निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जिन्हें महापौर ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

निर्वाचित सदस्यों में वार्ड-70 के पार्षद महमूद हसन, वार्ड-57 के फजलुर्रहमान, वार्ड-37 के गौरव कपिल, वार्ड-34 के सुधीर पंवार, वार्ड-29 के दीपक रहेजा तथा वार्ड-27 के वीरसेन कुमार (सिद्धू) शामिल हैं। इनमें फजलुर्रहमान लगातार दूसरी बार कार्यकारिणी समिति के सदस्य चुने गए हैं।

कार्यकारिणी के पूर्व सदस्यों राजेंद्र सिंह कोहली, दिग्विजय सिंह, अनुज जैन, संजय सैनी, शबाना परवीन और फजलुर्रहमान का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुई सीटों पर यह चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई थी।

चुनाव अधिकारी एवं मुख्य नगर लेखा परीक्षक सच्चिदानंद त्रिपाठी तथा सहायक चुनाव अधिकारी मनोज त्रिपाठी की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। जिलाधिकारी की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और एडीईओ मनोज कुमार सिंह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

निर्धारित समय पर सदन प्रभारी एवं सहायक नगर आयुक्त जे.पी. यादव ने चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई। कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कुल नौ पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें महमूद हसन, फजलुर्रहमान, गौरव कपिल, सुधीर पंवार, दीपक रहेजा, वीरसेन कुमार, समीर, परवेज मलिक और दिग्विजय सिंह शामिल थे।

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान वार्ड-60 के पार्षद परवेज मलिक का नामांकन तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया गया। इसके बाद पार्षदों के बीच लंबे विचार-विमर्श और सहमति के प्रयास हुए। अंततः वार्ड-31 के पार्षद समीर तथा वार्ड-48 के पार्षद दिग्विजय सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके परिणामस्वरूप शेष छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए।

निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह और नगरायुक्त शिपू गिरि ने नवनिर्वाचित सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि सहारनपुर नगर निगम प्रदेश का ऐसा नगर निगम है, जहां कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव में अब तक कभी मतदान की नौबत नहीं आई। सभी पार्षद आपसी संवाद, विश्वास और सहमति के आधार पर प्रतिनिधियों का चयन करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह परंपरा लोकतांत्रिक परिपक्वता, पार्षदों के बीच आपसी सौहार्द और शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवगठित कार्यकारिणी समिति नगर निगम के विकास कार्यों को और अधिक गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में उपसभापति मयंक गर्ग, अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और सभी पार्षद मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य