शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर ने गृहकर और जलकर के बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वसूली अभियान तेज कर दिया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर शुक्रवार को राजस्व विभाग की तीन टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 20 बड़े बकायादारों से करीब साढ़े नौ लाख रुपये की वसूली की। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन बकायादारों ने बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद कर जमा नहीं किया है, उनकी संपत्तियों को सोमवार से सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
नगर निगम के अनुसार लंबे समय से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर गृहकर और जलकर का भारी बकाया चल रहा है। कई बार बिल और नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं किए जाने के कारण अब प्रशासन ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। इसी के तहत राजस्व विभाग की विशेष टीमें शहर के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पहुंचीं।
कर अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि जिन व्यवसायिक संपत्तियों के मालिकों को पिछले वर्ष से लगातार नोटिस दिए जा चुके हैं और उसके बावजूद उन्होंने बकाया जमा नहीं किया, उन्हें अंतिम अवसर दिया जा रहा है। यदि अब भी भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित संपत्तियों को सील कर दिया जाएगा।
कोर्ट रोड क्षेत्र में कर अधीक्षक सुधीर शर्मा के नेतृत्व में टीम जब चार बड़े बकायादारों की संपत्तियां सील करने पहुंची तो व्यापारियों में हलचल मच गई। इन चार प्रतिष्ठानों पर लगभग आठ लाख रुपये का बकाया था। कार्रवाई शुरू होते ही संबंधित बकायादारों ने तत्काल तीन लाख रुपये जमा कर दिए तथा शेष राशि एक माह के भीतर जमा कराने का लिखित आश्वासन दिया।
इसी प्रकार सीटीओ संगीता गुप्ता और कर अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में दूसरी टीम ने दिल्ली रोड स्थित वार्ड-16 में कार्रवाई की। यहां चार बड़े बकायादारों पर करीब 14 लाख रुपये का कर बकाया था। संपत्ति सील करने की प्रक्रिया शुरू होते ही बकायादारों ने 2.80 लाख रुपये मौके पर जमा कराए तथा बाकी राशि एक सप्ताह के भीतर जमा करने का भरोसा दिया।
वार्ड-24 घंटाघर क्षेत्र में भी राजस्व विभाग की टीम ने अभियान चलाया। यहां चार बकायादारों ने करीब साढ़े आठ लाख रुपये के बकाये के सापेक्ष तत्काल लगभग 2.62 लाख रुपये निगम को जमा कराए और शेष राशि शीघ्र जमा करने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त कार्यवाहक कर अधीक्षक मनीष चौहान के नेतृत्व में गठित तीसरी टीम ने भी विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर लगभग एक लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की।
नगर निगम के अनुसार अभियान में राजस्व निरीक्षक सुशील, जीशान और अंशुल के अलावा सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना तथा प्रवर्तन दल के कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी बड़े बकायादार को राहत नहीं दी जाएगी।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निगम की आय बढ़ाने और विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रह को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए कर चोरी या बकाया रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
नगर निगम ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे समय रहते अपना गृहकर और जलकर जमा कर दें, ताकि संपत्ति सील होने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।








