सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल ) । जनपद में आगामी 17 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और सेना के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें भर्ती रैली को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम के आसपास ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था की जा सके। सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए सिविल डिफेंस का सहयोग लेने के निर्देश देते हुए कहा कि भर्ती रैली के दौरान सुरक्षा, सुविधा और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में अधिकारियों को पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, एंबुलेंस, चिकित्सा सुविधा, फॉगिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों के संचालन तथा अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया।
सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने बैठक में बताया कि भर्ती रैली में प्रदेश के 13 जनपदों—सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर—के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया के दौरान लगभग 26 हजार अभ्यर्थियों के पहुंचने का अनुमान है, जबकि प्रतिदिन करीब 1200 अभ्यर्थी रैली में भाग लेंगे। इतने बड़े आयोजन को देखते हुए प्रशासन और सेना संयुक्त रूप से सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती रैली युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा अवसर है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार, सेना भर्ती अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








