शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल) । कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद से जुड़े प्रशासनिक आदेश के बाद शहर में चल रही चर्चाओं के बीच देर रात मजबूत पार्षद दल के प्रतिनिधिमंडल ने शहर काजी मौलाना नदीम अख्तर से उनके आवास पर मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण पर विस्तार से चर्चा की और पूरे मामले में कानून के दायरे में रहकर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान पार्षदों ने कहा कि सहारनपुर की पहचान हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। ऐसे में किसी भी संवेदनशील विषय को कानून और संविधान के दायरे में रहकर ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
मजबूत पार्षद दल के प्रतिनिधि एवं पार्षद टिंकू अरोड़ा ने कहा कि शहर में अमन, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण को लेकर सभी वर्गों के लोगों, जनप्रतिनिधियों, समाज के सम्मानित नागरिकों तथा बुद्धिजीवी वर्ग को एकजुट होकर शहर काजी एवं जिम्मेदार लोगों के नेतृत्व में कानूनी लड़ाई लड़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मजबूत पार्षद दल के सभी सदस्य नगर की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए हरसंभव सहयोग करेंगे। उनका कहना था कि किसी भी विवाद का समाधान न्यायालय और कानून के माध्यम से ही होना चाहिए तथा सामाजिक सौहार्द को किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर शहर काजी मौलाना नदीम अख्तर ने कहा कि सहारनपुर देशभर में अपनी गंगा-जमुनी संस्कृति, आपसी प्रेम और भाईचारे के लिए जाना जाता है। इस परंपरा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण में सभी पक्ष संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
शहर काजी ने कहा कि मामले में वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिवक्ताओं के सहयोग से पूरी तैयारी के साथ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायपालिका पर सभी को भरोसा रखना चाहिए और कानून के अनुसार ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी इस बात पर सहमति जताई कि शहर की शांति और सौहार्द सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सभी लोगों को जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को साझा न करें और प्रशासन व कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक के दौरान पार्षद हाजी गुलशेर, नदीम अंसारी, हाजी फजलुर्रहमान, अब्दुल खालिक, इमरान सैफी, डॉ. एहतेशाम, नितिन जाटव, डॉ. मोहतसीन, फराज अंसारी, फहाद सलीम, कलीम अहमद सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि संवेदनशील मामलों का समाधान संविधान और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से ही होना चाहिए तथा सहारनपुर की भाईचारे की परंपरा को हर हाल में बनाए रखा जाएगा।








