शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल) । एक ओर नगर निगम “स्वच्छ सहारनपुर-स्वच्छ शहर” के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर सेंट्रल पार्क कॉलोनी की बदहाल सफाई व्यवस्था इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। कॉलोनी में नालियों और सड़कों के किनारे उगी झाड़ियां इतनी घनी और ऊंची हो चुकी हैं कि कई स्थानों पर नालियां पूरी तरह उनमें दब गई हैं। हालत यह है कि सड़क और नाली की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार लंबे समय से कॉलोनी में नियमित सफाई नहीं हुई है। नालियां गंदगी से भरी हैं और झाड़ियों के कारण उनकी सफाई भी नहीं हो पा रही है। बरसात के मौसम में जलभराव, दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि सफाई प्रभारी रामकुमार को कई बार फोन कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं स्थानीय पार्षद एवं पार्षदपति को भी कई बार समस्या बताई गई। लोगों का कहना है कि पार्षद ने स्वयं यह कहकर असमर्थता जताई कि “मेरी कोई सुनता नहीं है।”
सेंट्रल पार्क कॉलोनी के अध्यक्ष सुभाष त्यागी ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय पार्षद से नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और सड़कों की सफाई कराने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि झाड़ियां अब इतनी घनी हो चुकी हैं कि उनमें सांप, बिच्छू और अन्य जंगली जीव दिखाई देने लगे हैं। लोगों का दावा है कि हाल ही में मगरमच्छ जैसा दिखाई देने वाला एक बड़ा जीव झाड़ियों से निकलकर एक कॉलोनीवासी के घर में घुस गया था। काफी मशक्कत के बाद वह घर से बाहर निकला और दोबारा झाड़ियों में चला गया।
इस घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं, जो प्रतिदिन सड़कों पर खेलते हैं और स्कूल आते-जाते हैं। कॉलोनी के भीतर एक प्ले स्कूल भी संचालित है, जहां नन्हे बच्चे पढ़ने आते हैं। अभिभावकों का कहना है कि झाड़ियों में छिपे सांप, बिच्छू अथवा अन्य जीव बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम मुख्य सड़कों पर सफाई अभियान चलाकर उपलब्धियां गिनाता है, जबकि आवासीय कॉलोनियों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते झाड़ियों की कटाई और नालियों की सफाई कराई जाती तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
कॉलोनीवासियों ने महापौर, नगर आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सेंट्रल पार्क कॉलोनी का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, झाड़ियों की व्यापक कटाई कराई जाए, नालियों की सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि इससे न केवल जंगली जीवों के खतरे से राहत मिलेगी, बल्कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और संभावित बीमारियों से भी बचाव हो सकेगा।
कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और किसी बच्चे या निवासी के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।








