विवेक जैन
बागपत (दैनिक शहरी चौपाल)। जनपद बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित सिद्धपीठ श्री शनि धाम एवं श्री खाटू श्याम मंदिर का वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री खाटू श्याम एवं श्री शनिदेव के दर्शन कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर और नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
वार्षिकोत्सव का आयोजन वृंदावन के पूज्य स्वदेश स्वरूप जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना से हुआ। आचार्य पंडित मनोहर लाल जी निबाली वाले, मुख्य पुजारी अनिल जी तथा अवधेश द्विवेदी जी क्यामपुर वाले ने धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत संचालन कराया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर भगवान से परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
वार्षिकोत्सव का सबसे आकर्षक आयोजन भगवान श्री खाटू श्याम जी की भव्य रथ यात्रा रही। आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ में विराजमान बाबा श्याम की शोभायात्रा अग्रवाल मंडी टटीरी के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते आगे बढ़े। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और “जय श्री श्याम” के जयघोषों से पूरा नगर गूंज उठा। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
रथ यात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा। बाबा श्याम और श्री शनिदेव की महिमा का गुणगान सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर समिति एवं स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करते हुए श्रद्धालुओं की सेवा की।
इस अवसर पर वृंदावन से पधारे स्वदेश स्वरूप जी महाराज, मंदिर अध्यक्ष प्रवीण गोयल, सचिव अंकुर पंडित, समाजसेवी संजीव शर्मा, प्रमोद चेयरमैन, पंडित मनोहर लाल, मुख्य पुजारी अनिल जी, उपाध्यक्ष विनोद गोयल, कोषाध्यक्ष नितिन मानव, राजीव गोयल, मास्टर हरिओम, राजीव गोयल (सभासद), मनोज मित्तल, मितलेश राजपूत, बागपत से नंदलाल डोगरा, लवी जैन, विनोद गुप्ता, अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंदिर समिति ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, दानदाताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं।








