शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , दैनिक शहरी चौपाल। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को हिंदू जागरण मंच कार्यालय पर विभिन्न हिंदू संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा मस्जिद को लेकर दिए गए आदेश का स्वागत करते हुए प्रशासन से उसका समयबद्ध पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई। वक्ताओं ने न्यायिक प्रक्रिया के सम्मान पर बल देते हुए मामले को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बजरंग दल के पूर्व प्रांत अध्यक्ष विकास त्यागी ने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर जैसे संवेदनशील सरकारी क्षेत्र में किसी भी प्रकार के कथित अवैध निर्माण का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने उपलब्ध अभिलेखों और साक्ष्यों के आधार पर अपना निर्णय दिया है, इसलिए उसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से न्यायालय के आदेश का निष्पक्ष और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की।
हिंदू जागरण मंच पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि यह प्रकरण लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन था और सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष को आदेश पर आपत्ति है तो उसे कानून के तहत उच्च न्यायालय में अपील करने का अधिकार है, लेकिन न्यायालय के आदेश को लेकर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी या माहौल बिगाड़ने का प्रयास उचित नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि सहारनपुर गंगा-जमुनी तहजीब, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का शहर है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को संयमित भाषा का प्रयोग करते हुए न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान संविधान और कानून के दायरे में रहकर ही होना चाहिए।
बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन को न्यायालय के आदेश का पालन कराना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर का शांतिपूर्ण वातावरण हर हाल में बनाए रखा जाना चाहिए और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे से बचना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष रामदीप बंसल ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय हिंदू संगठन के जिला अध्यक्ष संदीप वर्मा ने किया। बैठक में संजय चौहान, आशु कुमार, अर्पित त्यागी, श्रावण कुमार पांडे, महेंद्र पाल, अमोघ शर्मा, प्रदीप सिंह, प्रिंस कुमार, अमित कुमार, संचित वत्स सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी संगठनों ने प्रशासन से न्यायालय के आदेश का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करने तथा शहर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।








